crime
कुत्ते ने 6 साल की बच्ची को काटा, नाक लटकी:मासूम के चेहरे पर भी निशान; डॉक्टर बोले- प्लास्टिक सर्जरी करना पड़ सकती है
खरगोन जिले के बमनाला में गुरुवार शाम एक घटना हुई। घर के आंगन में खेल रही 6 साल की बच्ची माहिरा पिता गोकुल नाथ पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे और नाक को नोंच दिया। हमले में नाक का एक हिस्सा लटक गया, जबकि मुंह और चेहरे पर भी गहरे निशान आए हैं। घटना के समय बच्ची के परिजन घर के अंदर थे। अचानक कुत्ते ने आंगन में खेल रही माहिरा पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए। वे उसे देर शाम स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को जिला अस्पताल लाया गया। परिजनों ने बताया कि माहिरा आंगन में खेल रही थी, तभी कुत्ते ने उसके मुंह पर हमला किया। उसे बड़ी मुश्किल से बचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की नाक पर 4 टांके लगाए और उसे PICU में भर्ती किया। डॉक्टरों के अनुसार, चेहरे और नाक पर चोट होने के कारण उसे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर करने की बात कही गई है। डॉ. शशिकांत पाटीदार ने बच्ची को रेबीज और एंटीबायोटिक दवाएं देकर इलाज किया। उन्होंने बताया कि नाक के आसपास की चमड़ी का एक हिस्सा लटक गया था, जिस पर टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और वह निगरानी में है। डॉक्टरों ने बताया कि नाक के अंदरूनी हिस्से में आगे प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत होगी, जिसके लिए उसे इंदौर रेफर किया जाएगा। माहिरा के परिजन मजदूरी करते हैं और गरीब परिवार से हैं। उन्होंने बच्ची को इंदौर ले जाने में असमर्थता जताई है।
Read full article on Bhaskar