crime
कंटेनर से टकराकर बाइक समेत फंसा युवक:शिवपुरी में कुछ दूर तक घसीटता ले गया; गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
शिवपुरी के कोलारस में एनएच-46 स्थित बाईपास क्रॉसिंग पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में नोहरी कला निवासी हरि सिंह जाटव (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हरि सिंह बाइक से पनवारी गांव में अपने जीजा के घर जा रहे थे। अन्नपूर्णा होटल के सामने बाईपास क्रॉसिंग पर पीछे से आ रहे कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक सड़क पर आई गाय को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कंटेनर बाइक से टकरा गया। कंटेनर में फंसने के बाद घसीटाते हुए गया बाइक सवार टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरि सिंह बाइक समेत कंटेनर के आगे फंस गए। कंटेनर उन्हें कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल हरि सिंह सड़क पर दर्द से तड़पते रहे, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसी दौरान रामगढ़ से शिवपुरी जा रहे चंद्रपाल यादव की नजर भीड़ पर पड़ी। उन्होंने राहगीरों की मदद से घायल को अपनी कार से कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हरि सिंह को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया। चंद्रपाल यादव ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर कई लोग मौजूद थे। कुछ लोग घायल की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
Read full article on Bhaskar