crime
कोटा के जेकेलोन अस्पताल के बाहर ऑटो चालक की हत्या:नुकीली धारदार वस्तु से सीने में वार, इलाज के दौरान मौत,आरोपी वारदात के बाद फरार
कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र में जेके लोन हॉस्पिटल के ऑटो स्टैंड पर मंगलवार की शाम लगभग 7:30 बजे दो ऑटो चालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने दूसरे के सीने में नुकीली धारदार वस्तु से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल ऑटो चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नयापुरा थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुजाहिद हुसैन अंसारी (44) निवासी लाडपुरा दरवाजा, कोर्ट के ऊपर के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। जेके लोन हॉस्पिटल के ऑटो स्टैंड पर उसकी साथी ऑटो चालक शराफत हुसैन से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान शराफत ने नुकीली धारदार चीज से मुजाहिद के सीने पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि मुजाहिद के हार्ट में चोट पहुंची और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। परिजनों को भी घटना की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया। डॉक्टरों ने मुजाहिद का उपचार शुरू किया, लेकिन हार्ट में गंभीर चोट और पंचर होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी शराफत हुसैन नेहरू कॉलोनी का रहने वाला है और वारदात के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Read full article on Bhaskar