crime
करंट की चपेट में आकर 13 वर्षीय किशोर की मौत:फर्नीचर हाउस की छत पर सफाई करते समय 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया
रामपुर के अजीतपुर की नई बस्ती में शनिवार शाम करीब चार बजे एक फर्नीचर हाउस की छत पर सफाई करते समय 13 वर्षीय किशोर शाकिर की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद किशोर नीचे गिर गया, जिसे निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक शाकिर अपने चार बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में तीन छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। शाकिर के पिता पिछले लगभग एक साल से पैरालिसिस से पीड़ित हैं और बिस्तर पर हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनके पास कोई जमीन-जायदाद भी नहीं है। शाकिर फर्नीचर का काम सीख रहा था और उसे प्रति सप्ताह लगभग 250 रुपये का मेहनताना मिलता था। पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई घटना के चश्मदीद परवेज ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ एक फ्लैश हुआ। उन्होंने देखा कि किशोर नीचे पड़ा था और उसकी हालत गंभीर लग रही थी। परवेज के शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हुए और किशोर को तत्काल निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद फर्नीचर हाउस का मालिक मौके से गायब हो गया। इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Read full article on Bhaskar