politics
कोर्ट के बाहर पत्नी ने पत्थर मारा, उंगली चबा ली:शिवपुरी में पति का आरोप, भरण-पोषण केस की तारीख पर कोर्ट पहुंचा था
शिवपुरी कोर्ट के बाहर शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। पति वैजनाथ धाकड़ ने आरोप लगाया कि पत्नी ने उस पर पत्थर से हमला किया और उसके हाथ की उंगली दांतों से चबा ली। घायल पति ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी वैजनाथ धाकड़ के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2012 में हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। वैजनाथ ने बताया कि करीब पांच महीने पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और अब अपने प्रेमी के साथ रह रही है। बेटी पत्नी के साथ रहती है, जबकि बेटा वैजनाथ के पास है। वैजनाथ के अनुसार, उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ न्यायालय में भरण-पोषण का मामला दायर किया है। इसी मामले की सुनवाई के लिए शुक्रवार को शिवपुरी न्यायालय में तारीख थी। वह सुनवाई में शामिल होने के लिए न्यायालय पहुंचा था। कोर्ट के बाहर अचानक हुआ विवाद वैजनाथ ने आरोप लगाया कि न्यायालय के बाहर अचानक पत्नी से उसका विवाद हो गया। इसी दौरान पत्नी ने उस पर पत्थर से हमला किया। इसके बाद उसके हाथ की उंगली को दांतों से चबा लिया। वैजनाथ ने बताया कि उसने किसी तरह खुद को बचाया। घटना के बाद वैजनाथ कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar