crime
कानपुर-कम नंबर आने पर घर से 2 फुफेरे भाई निकले:मुंबई में कंपनी खोलने का सपना, ट्रेन में मिले; GRP ने परिजनों को सौंपा
कानपुर। 10वीं में कम नंबर आने से निराश दो फुफेरे भाई मुंबई में कंपनी खोलने का सपना लेकर घर से निकल पड़े। कानपुर सेंट्रल जीआरपी ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत दोनों किशोरों को नेता जी एक्सप्रेस से ढूंढ निकाला। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। देवरिया के कोतवाली सदर क्षेत्र के रहने वाले 16 और 14 साल के ये दोनों फुफेरे भाई 10वीं में कम नंबर आने से परेशान थे। पूछताछ में किशोरों ने बताया कि वे करीब चार महीने से मुंबई जाकर कंपनी खोलने और अपना भविष्य बनाने की योजना बना रहे थे। इसी सपने को पूरा करने के लिए वे घर से निकल गए। काफी खोजबीन के बाद जब दोनों का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि गुरुवार को देवरिया पुलिस से दोनों किशोरों के गायब होने की जानकारी कानपुर सेंट्रल जीआरपी को मिली। जानकारी मिलते ही जीआरपी ने तुरंत एक टीम बनाई। पुलिसकर्मियों ने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग शुरू की। आरपीएफ कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे गए और संभावित ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने दोनों के पहनावे और हुलिए के आधार पर ट्रेनों में तलाश जारी रखी। इसी दौरान नेता जी एक्सप्रेस में दोनों किशोर मिल गए। जीआरपी ने उन्हें तुरंत अपनी हिरासत में लिया और देवरिया पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम की मौजूदगी में दोनों किशोरों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने कानपुर जीआरपी की सराहना की और धन्यवाद दिया।
Read full article on Bhaskar