crime
कन्नौज में बस ने बाइक को टक्कर मारी, युवक घायल:ड्राइवर फरार, बाइक 5 मीटर तक घिसटी; सफाईकर्मी अस्पताल में भर्ती
कन्नौज के भीड़भाड़ वाले बजरिया इलाके में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सदर कोतवाली की सरायमीरा चौकी क्षेत्र के अंधी मोड़ स्थित बजरिया के सामने कन्नौज डिपो की बस ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कूदकर फुटपाथ पर जा गिरा, जबकि बाइक बस के पहिए के नीचे दबकर करीब 5 मीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना होते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान लुधपुरी निवासी विक्की वाल्मीकि (22) पुत्र गुड्डू के रूप में हुई है, जो नगर पालिका में सफाईकर्मी है। विक्की ने बताया कि वह ड्यूटी खत्म कर बलही गांव स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी में अपने घर जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि बस चालक नशे में धुत था और उसने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मारी। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर बस को घटनास्थल से हटवाया और बाइक को चौकी में खड़ा करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
Read full article on Bhaskar