crime
कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत:खेत में काम करने के दौरान हादसा; ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे बेसुध देखा
कांकेर के दुर्गूकोंदल ब्लॉक के ग्राम गुड़फेल में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 52 साल के किसान रामसिंह मंडावी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ग्राम गुड़फेल के रहने वाले रामसिंह मंडावी अपने खेत पर काम करने गए थे। शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए रामसिंह खेत में लगे जामुन के पेड़ के नीचे आराम करने बैठ गए, तभी अचानक पेड़ के पास बिजली गिरी, जिससे रामसिंह मंडावी गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही जान चली गई। ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे बेसुध देखा बताया गया कि घटना के समय रामसिंह मंडावी खेत में अकेले थे। कुछ देर बाद आसपास मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ के नीचे बेसुध पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत उनके परिवार को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और दूसरे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोहत्तर पुलिस थाने को मामले की जानकारी दी गई। गरज-चमक के दौरान पेड़ के नीचे न रुकें ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों में काम करने वाले किसानों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे समय में पेड़ के नीचे खड़े होने या बैठने से बचना चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने से बचाव के लिए जागरूकता की जरूरत बताई है।
Read full article on Bhaskar