education
कांग्रेस ने छात्रों से की बात, ढपली बजाकर किया प्रचार:पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों पर इंदौर में जुटेंगे छात्र
विदिशा में कांग्रेस ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सीधा संपर्क अभियान शुरू किया है। यह अभियान 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। इसमें छात्रों की समस्याओं के साथ शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को विदिशा नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर के शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों के बाहर छात्रों से संपर्क किया। ढपली बजाकर पेपर लीक के खिलाफ लगाए नारे नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों के बाहर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढपली बजाकर पेपर लीक के खिलाफ नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं ने छात्रों को पंपलेट और पोस्टर बांटे। साथ ही क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना है। छात्रों को मंच पर सवाल रखने का मौका कांग्रेस नेताओं के अनुसार कार्यक्रम में छात्रों को शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक से जुड़े मुद्दों पर अपनी समस्याएं और सवाल रखने का मौका मिलेगा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू ने कहा कि राहुल गांधी 19 सितंबर को छात्रों की लड़ाई को लेकर इंदौर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पेपर लीक और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर लगातार छात्रों की आवाज उठा रहे हैं। इसी के समर्थन में विदिशा में कोचिंग सेंटरों और स्कूलों के बाहर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेशभर से दो लाख छात्रों के पहुंचने का अनुमान कांग्रेस मीडिया प्रभारी सुशील शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से करीब दो लाख छात्रों के शामिल होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान के दौरान छात्रों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह भी देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि विदिशा में यह अभियान अधिक से अधिक छात्रों को इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar