top
जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर CDO सख्त:सहारनपुर में 80 प्रतिशत पूरी योजनाओं को पहले पूरा कराने के निर्देश
सहारनपुर में जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर नल-हर घर जल’ योजना की प्रगति को लेकर मंगलवार शाम सात बजे कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को अधूरे काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं में तेजी लाकर आम लोगों को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बैठक में जिले की पांच अक्रियाशील पेयजल योजनाओं सलेमपुर गाढ़ा, घनाखंडी, राखंडी, रसूलपुर कलां और डभरा कलां को जल्द क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत संचालित 706 नवीन पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें जिन योजनाओं का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए संबंधित फर्मों को निर्देशित किया गया। सीडीओ ने बताया कि 60 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वे अनुरक्षण एवं संचालन की स्थिति में हैं। इन योजनाओं से जुड़े सभी घरों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आईएसए/आईएसई संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठा। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को लंबित भुगतान से जुड़ी पत्रावलियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऐसे अवर जलाशयों की भी समीक्षा हुई, जिनके लिए करीब दो साल पहले गड्ढे खोदकर काम छोड़ दिया गया था। सीडीओ ने संबंधित फर्म को पर्याप्त मैनपावर लगाकर इनका निर्माण प्राथमिकता से शुरू कराने को कहा। पेयजल योजनाओं के निर्माण के लिए अनुपलब्ध या विवादित भूमि के मामलों में संबंधित एसडीएम के साथ अलग से बैठक कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को दिए गए। वहीं बिजली और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी अड़चनों के समाधान के लिए जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की आगामी बैठक में दोनों विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। सीडीओ ने कार्यदायी संस्थाओं को धरातल पर गुणवत्तापूर्ण काम कराने और योजनाओं की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता को पर्यवेक्षण व्यवस्था में सुधार लाने को कहा।
Read full article on Bhaskar