crime
झांसी में सड़क हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा:दो महीने पहले अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी, पिता पीआरडी जवान हैं
झांसी में मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन सड़क हादसे में घायल युवक ने सोमवार को दम तोड़ लिया। दो महीने पहले वह दुकान बंद करके बाइक से मालिक के घर जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। युवक के सिर में चोट आई थी। तब उसे ललितपुर से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा ललितपुर कोतवाली क्षेत्र में हुआ था। छोटे छोटे 3 बच्चे हैं मृतक का नाम रवि कुमार (25) पुत्र बलराम अहिरवार था। वह ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र के लागौन गांव का रहने वाला था। रवि के दो बेटे संस्कार (7), सारांश (3) और एक बेटी शिवानी (5) हैं। मृतक के पिता बलराम अहिरवार ने बताया कि मैं कोतवाली थाने में पीआरडी जवान हूं। मेरा बेटा रवि कुमार बेज बिरयानी दुकान पर काम करता था। 20 जुलाई 2026 को वह दुकान बंद करके सामान देने के लिए मालिक के पास जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। बेटे के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे ललितपुर जिला अस्पताल में ले गए। जहां से डॉक्टरों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां आने के बाद बेटे के सिर का ऑपरेशन हो चुका था। धीरे-धीरे तबीयत ज्यादा खराब हो गई। सोमवार को उसकी मौत हो गई।
Read full article on Bhaskar