crime
जयपुर में प्रॉपर्टी कारोबारी का किडनैप,2 करोड़ की मांगी फिरौती:पूर्व किराएदार महिला ने दो बेटों के साथ बनाया प्लान; 3 गिरफ्तार; 3 आरोपी फरार
जयपुर में एक प्रॉपर्टी कारोबारी का पूर्व किराएदार महिला ने अपने दो बेटों सहित गैंग से किडनैप करवाया। इसके बाद परिजनों से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने 1700 KM पीछा कर गैंग के मास्टरमाइंड सहित तीन बदमाशों को रविवार को पकड़ लिया। पुलिस ने गैंग के कब्जे से किडनैप प्रॉपर्टी कारोबारी को सुरक्षित छुड़वा लिया है। किडनैप की यह वारदात 21 अगस्त को संजय नगर तिराहा झोटवाड़ा पर हुई थी। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- प्रॉपर्टी कारोबारी के किडनैप की प्लानिंग पूर्व किराएदार महिला ने की थी। इसमें उसके दो बेटे भी शामिल थे। किडनैप कर फिरौती मांगने वाली गैंग के मास्टरमाइंड सैफ अली उर्फ कालू (29) निवासी भैसवालों का मोहल्ला सुभाष चौक हाल ठाठर रोड आमेर, नाजिम कुरेशी उर्फ पार्ले (21) निवासी मेवात हरियाणा हाल नाई की थड़ी जयसिंहपुरा खोर और जावेद हुसैन (24) निवासी लालवास जयसिंहपुरा खोर को पुलिस ने कोटपूतली से अरेस्ट किया है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- पुलिस मामले में फरार आरोपी पूर्व किराएदार महिला सोफिया बेगम, उसके बेटे मुन्ना और परिचित समीर की तलाश में दबिश दे रही है। गैंग के गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ 3 दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फोन पर बदमाशों ने दी धमकी- 2 करोड़ दो नहीं तो मिलेगी पिता की लाश झोटवाड़ा थाने में पीड़ित प्रॉपर्टी कारोबारी के बेटे ने 21 अगस्त को शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि मेरे पिता झोटवाड़ा में संजय नगर तिराहे पर किसी काम से गए थे। घर नहीं लौटने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। वहां जाकर CCTV फुटेज देखने पर एक कार में कुछ व्यक्ति पिता को लेकर जाते दिखे। उसी रात पिता के मोबाइल से कॉल आया। बदमाशों ने धमकी दी कि पिता को जिंदा चाहते हो तो 2 करोड़ रुपए हमारी बताई जगह पर छोड़ देना। किसी भी प्रकार की चालाकी और पुलिस को सूचना दी तो पिता की लाश मिलेगी। पुलिस को पीछे देख राहगीरों को रौंदने का किया प्रयास पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर रुट चार्ट बनाया। पीड़ित प्रॉपर्टी कारोबारी के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पीछा शुरू किया। दो दिन में किडनैपर्स की ओर से बार-बार परिवार को कॉल कर 2 करोड़ की फिरौती की डिमांड की जाती रही। वहीं इस दौरान बदमाशों के टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा और मध्य प्रदेश से होते हुए दोबारा जयपुर आने के दौरान पुलिस उनका पीछा करती रही। करीब 1700 KM पीछा करने पर कोटपूतली में घेराबंदी की। वहीं इस दौरान पुलिस को पीछे देखकर बदमाशों ने अपनी कार से राहगीरों को रौंदने का प्रयास किया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए कार छोड़कर बदमाश खेतों की तरफ भागे। पुलिस ने पीछा कर तीनों बदमाश सैफ अली उर्फ सैफू, नाजिम और जावेद को धर-दबोचा। इसके बाद पुलिस ने कार में बंधक मिले प्रॉपर्टी कारोबारी को सुरक्षित छुड़वा लिया। पूर्व किराएदार जानती थी कारोबारी का प्रॉपर्टी-बिल्डिंग लाइन का अच्छा काम गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रॉपर्टी कारोबारी के घर पर पहले सोफिया बेगम किराए पर रहती थी। पूर्व किराएदार होने के कारण सोफिया को प्रॉपर्टी कारोबारी के घर की स्थिति की पूरी जानकारी थी। वह जानती थी कि किडनैप व्यक्ति का प्रॉपर्टी और बिल्डिंग लाइन का बड़ा अच्छा काम है। इसके चलते उसने अपने बेटे जावेद, मुन्ना, परिचित सैफ अली उर्फ सैफू, नाजिम और समीर के साथ प्लानिंग कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने के साथ गैंग के फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में यूज्ड कार और हथियार बरामद कर लिए हैं।
Read full article on Bhaskar