top
जया किशोरी की भागवत कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु:तीन मंत्री भी पहुंचे, ठाकुर जी की आरती के साथ हुआ शुभारंभ
बलिया में शहर से करीब 4 किलोमीटर दूर हनुमानगंज क्षेत्र के ग्राम छोड़हर (गजियापुर) स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। अंतरराष्ट्रीय कथावाचिका जया किशोरी के मुख से कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शाम करीब 4:30 बजे ठाकुर जी की आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले दिन की कथा का विश्राम शाम करीब 6:30 बजे हुआ। तीन मंत्रियों ने भी की शिरकत बलिया सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय कथा में प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर शामिल हुए। कथा के शुभारंभ पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु कथा के दौरान जया किशोरी ने श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक महत्व और भक्ति के संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान के प्रति प्रेम, श्रद्धा और विश्वास के साथ अच्छे कर्म करने का संदेश दिया। बीच-बीच में प्रस्तुत भक्ति गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ‘काली कमली वाला मेरा यार है’ सहित भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा कथा परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। पहले दिन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।
Read full article on Bhaskar