crime
Jaunpur News: करंट से युवक की हुई मौत, खम्भे से गिरने पर सिर में लगी गम्भीर चोट
बड़ागांव में बिजली का काम करते समय हुआ हादसा चन्दन अग्रहरि शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली अंतर्गत बड़ागांव में रविवार की सुबह बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि करंट लगने के बाद युवक बिजली के खंभे से नीचे आ गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी सोनू गौतम (पुत्र लालता गौतम) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बिजली से संबंधित काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और संतुलन बिगड़ने से खंभे से नीचे जा गिरा। खंभे से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। सिर से तेज रक्तस्राव होने लगा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सोनू की असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बिजली के काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता व्यक्त किया। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा—पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
Read full article on Aap Ki Ummid