business
जोधपुर-चेन्नई के बीच 9 ट्रिप पूजा स्पेशल ट्रेन:भोपाल-इटारसी होकर चलेगी, 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर शनिवार जोधपुर से रवाना होगी
त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर और चेन्नई बीच के बीच 9-9 ट्रिप साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन भोपाल मंडल के गुना, बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। गाड़ी संख्या 04815 जोधपुर-चेन्नई बीच पूजा स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर शनिवार जोधपुर से चलेगी। जोधपुर से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:25 बजे गुना, 11:45 बजे बीना, दोपहर 3 बजे भोपाल और शाम 5:10 बजे इटारसी पहुंचेगी। विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद ट्रेन सोमवार को रात 8 बजे चेन्नई बीच पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04816 चेन्नई बीच-जोधपुर पूजा स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर मंगलवार चलेगी। चेन्नई से शाम 5:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:10 बजे इटारसी, रात 10:40 बजे भोपाल और रात 2:55 बजे बीना पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 5 बजे गुना पहुंचते हुए ट्रेन गुरुवार रात 8:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर भी ठहराव ट्रेन मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, बापटला, चिराला, ओंगोल, नेल्लोर, गुडूर, नायडूपेटा और चेन्नई बीच स्टेशनों पर रुकेगी। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन संचालित की जा रही है। यात्रियों से इस अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ लेने की अपील की गई है। ट्रेन के समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे स्टेशन, रेल मदद 139, रेलवन एप और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
Read full article on Bhaskar