politics
जूते पहनकर महापुरुषों को माला पहनाने का आरोप:मिल्कीपुर ग्राम न्यायालय का वीडियो वायरल, अधिवक्ताओं द्वारा जिला जज को सौंपा जाएगा ज्ञापन
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर ग्राम न्यायालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शनिवार 15 अगस्त को वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर मिल्कीपुर तहसील के अधिवक्ताओं में गहरी नाराजगी है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम न्यायालय की न्यायिक अधिकारी रश्मि जायसवाल ने महापुरुषों के चित्र पर जूते पहनकर माला अर्पित की। वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ताओं ने इस कृत्य को अनुचित बताते हुए कड़ा विरोध जताया और इसकी निंदा की। उनका कहना है कि राष्ट्रीय पर्व पर महापुरुषों के चित्र के समक्ष ऐसी स्थिति आपत्तिजनक है। मामले को लेकर मिल्कीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, मंत्री बृजेश कुमार मिश्रा और उपाध्यक्ष असगर अहमद खान के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। उन्होंने संबंधित न्यायिक अधिकारी के आचरण पर सवाल उठाते हुए जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने बताया कि इस संबंध में जिला जज से शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। वायरल वीडियो सामने आने के बाद न्यायिक अधिकारी रश्मि जायसवाल का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। उनके पेशकार ने बताया कि सोमवार को ही मामले से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। अधिवक्ताओं का मानना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर मिल्कीपुर न्यायिक परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Read full article on Bhaskar