politics
'जीत की क्षमता होगी टिकट का आधार':दौसा में प्रदेश सह प्रभारी बोले- पंचायत और निकाय चुनाव में बीजेपी का सफाया करेंगे
पंचायत और नगर निकाय चुनाव की लॉटरी प्रक्रिया के बीच राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर रविवार को दौसा में कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान कांग्रेस के सह प्रभारी चिरंजी राव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने और सभी सीटों पर जीत के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया। सभी सीटों पर जीत का दावा कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी चिरंजी राव ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ पंचायत और निकाय चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। सांसद मुरारीलाल मीणा ने कहा कि जिले में एक जिला प्रमुख, 13 पंचायत समितियां, 9 नगर पालिकाएं और 2 नगर परिषदें हैं। कांग्रेस इन सभी क्षेत्रों में जीत का परचम लहराएगी और भाजपा का जिले से पूरी तरह सफाया करेगी। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो जिताऊ और टिकाऊ हों। पार्टी संगठन और जमीनी स्तर पर मजबूत उम्मीदवारों का चयन करेगी। जीत की क्षमता होगी टिकट का आधार पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि कांग्रेस में टिकट किसी की सिफारिश के आधार पर नहीं दिया जाएगा। जो व्यक्ति कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा होगा और चुनाव जीतने की क्षमता रखता होगा, उसी को टिकट दिया जाएगा। पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव टालना चाहती थी, लेकिन कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़ रहे हैं। एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करने की अपील की। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सभी मिलकर मेहनत करेंगे और जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा। इस दौरान जिला प्रभारी राकेश पारीक, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ, विधायक दीनदयाल बैरवा, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा, पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला, जीआर खटाना, पूर्व जिला प्रमुख अजीत सिंह समेत कई नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar