crime
जशपुर में फरार वारंटियों पर पुलिस की कार्रवाई:13 स्थायी वारंट तामील, 6 को पकड़कर कोर्ट में किया पेश, एक की मौत की हुई पुष्टि
जशपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अब तक 13 स्थायी वारंट तामील किए गए हैं। इनमें 6 वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। पत्थलगांव में 8 स्थायी वारंट तामील पत्थलगांव पुलिस ने 8 स्थायी वारंट तामील किए। इस दौरान शैलेश कुमार भगत, जुगेश्वर यादव, राजू कुजूर, मोहन उर्फ गुन्नू यादव, मयंक रोहिला और निरंजन एक्का को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में स्थायी वारंट जारी था। वहीं, एक वारंटी की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों की तलाश काफी समय से की जा रही थी। कुछ आरोपी जमानत मिलने के बाद कोर्ट में पेश नहीं हुए थे, जबकि कुछ लंबे समय से फरार चल रहे थे। राजू कुजूर के खिलाफ चोरी और घर में सेंधमारी के दो अलग-अलग मामलों में स्थायी वारंट था। शैलेश कुमार भगत के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश का मामला है। जुगेश्वर यादव के खिलाफ निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत वारंट लंबित था। मोहन उर्फ गुन्नू यादव पर घर में चोरी और मयंक रोहिला पर मारपीट के मामले में वारंट था। एक वारंटी की मौत की हुई पुष्टि अभियान के दौरान पुलिस को रामू मिंज के निधन की जानकारी मिली। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 5, 6 और 10 के तहत स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने उसकी मौत की पुष्टि कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की। कोतबा में दो वारंटी गिरफ्तार चौकी कोतबा पुलिस ने भी दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इनमें घोघरा निवासी वेदलाल सिदार के खिलाफ धारा 342, 394 और 34 भादंवि के तहत वारंट लंबित था। वहीं, कोतबा निवासी विजय चौहान के खिलाफ धारा 294, 506(बी), 323 और 324 भादंवि के तहत वारंट जारी था। इसके अलावा थाना लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर और थाना फरसाबहार पुलिस ने भी एक-एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। आगे भी जारी रहेगा अभियान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि कोर्ट से जारी स्थायी और दूसरे लंबित वारंटों की तामील को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस टीमें वारंटियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर उनकी लगातार तलाश कर रही हैं। लंबित वारंटों की तामील के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar