crime
जमीन विवाद में गर्भवती महिला की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार:देवरिया के बरदगोनिया गांव में हुआ था विवाद, एक आरोपी से मोबाइल भी मिला
देवरिया में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बरदगोनिया गांव में जमीन के बंटवारे और आने-जाने के रास्ते को लेकर हुए विवाद में गर्भवती महिला जगवंती देवी की मौत हो गई। इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय रविवार की रात रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में गौरीबाजार पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को लंगड़ी चौराहे के पास से पकड़ा गया। इनमें राजू निषाद उर्फ गोलू के पास से महिला का वीवो एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद हुआ है। घटना 13 सितंबर की है। जगवंती देवी अपने पति गोविंद निषाद के घर पर थीं। इसी दौरान जमीन के बंटवारे और आने-जाने के रास्ते को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट हुई। महिला का मोबाइल भी छीन लिया गया था। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद जगवंती देवी की तबीयत बिगड़ गई। उसे देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 109(1), 191(2), 115(2), 352, 351(2) और 304(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, मारपीट में आई चोटों के कारण महिला की मौत होने की पुष्टि के बाद जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 103(1) भी बढ़ाई गई। मंगलवार को गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र निषाद (58), राजू निषाद उर्फ गोलू (28), देवंती देवी (55) और आंचल (18 वर्ष 6 माह) शामिल हैं। चारों बरदगोनिया गांव के रहने वाले हैं।
Read full article on Bhaskar