politics
जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने पहुंची बहनें:भाई को सलाखों के पीछे देख भावुक हुआ पल, भाइयों ने भी लिया बुराई छोड़ने का संकल्प
उदयपुर में रक्षाबंधन के पर्व पर केन्द्रीय कारागृह में इस बार भावुक नजारा सामने आया। बड़ी संख्या में बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंची। बहनों को देखकर भाइयों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं अपने भाई को सलाखों के पीछे देखकर कुछ बहनों के आंखें भर आईं। फिर भाई भी भावुक हो गए। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। मुंह मीठा कराया और भाई की लंबी उम्री की कामना करते हुए जल्द जेल से बाहर आने की प्रार्थना की। कई भाई लंबे समय से जेल में बंद हैं, जबकि कुछ ऐसे भी हैं जो कुछ दिन पहले ही जेल पहुंचे हैं। रक्षाबंधन के इस मौके पर बहनों ने भाइयों से रक्षा का वचन लिया। वहीं भाइयों ने भी अपनी गलतियों से सबक लेकर बुराइयों को छोड़ने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प लिया। इस दौरान कई बहनें अपने भाई को राखी बांधते हुए भावुक हो गईं और रोने लगीं। भावुक हुई बहनों को जेल प्रहरियों ने संभाला। कई छोटी बहनें भी परिवार के साथ अपने भाइयों को राखी बांधने पहुंचीं। भाई और बहन के बीच राखी बांधने के इन भावुक पलों को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए। जेल अधीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर कारागृह में विशेष व्यवस्थाएं की गईं। परिजनों के बैठने के लिए टेंट लगाकर छाया का इंतजाम किया गया। वहीं पीने के पानी की भी व्यवस्था की गई। सेल में बंद बंदियों को भी मुलाकात कक्ष में भी उनकी बहनों से मिलवाया गया।
Read full article on Bhaskar