crime
जंगल में मिट्टी खोदते पकड़ी पोकलेन, अब होगी राजसात:वनभूमि और राजस्व जमीन पर बिना अनुमति खुदाई, मालिक पर पीओआर दर्ज
नर्मदापुरम के सोहागपुर रेंज के बागड़ा जंगल में अवैध मिट्टी उत्खनन और रास्ता बनाने में पकड़ी गई पोकलेन मशीन को वन विभाग राजसात करेगा। विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोकलेन मशीन को वनभूमि और राजस्व भूमि पर बिना अनुमति मिट्टी खोदने और जंगल में रास्ता बनाने के लिए लगाया गया था। रेंजर हेमंत शर्मा ने तीन दिन पहले कार्रवाई कर मशीन को पकड़ लिया था। फॉरेस्ट क्षेत्र में बिना अनुमति खुदाई और रास्ता बनाने का मामला सामने आने के बाद डीएफओ गौरव शर्मा ने जांच एसडीओ को सौंपी है। जब्त पोकलेन मशीन के दस्तावेजों में बुधनी के जितेंद्र राव का नाम सामने आया है। वन विभाग ने जितेंद्र राव के खिलाफ पीओआर प्रकरण दर्ज किया है। मशीन को बागड़ा चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। वनभूमि और राजस्व क्षेत्र दोनों में खुदाई उपपरिक्षेत्र बागड़ा के उत्तर बागड़ा परिसर स्थित कक्ष क्रमांक आरएफ-322 में पोकलेन से मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। जिस जगह खुदाई मिली है, वहां वनभूमि के साथ राजस्व भूमि भी लगी हुई है। वन विभाग के अनुसार दोनों क्षेत्रों में मिट्टी खोदे जाने की जानकारी सामने आई है। मौके पर लंबे समय से खुदाई और रास्ता बनाने का काम चलने की आशंका है। इससे राजस्व और वन विभाग की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल वन विभाग ने कार्रवाई की है, जबकि राजस्व क्षेत्र में हुई खुदाई को लेकर राजस्व विभाग की कार्रवाई बाकी है। मशीन छुड़ाने के लिए पहुंचे बिचौलिए पोकलेन पकड़े जाने के बाद ऑपरेटर से मशीन के संचालन और मिट्टी उत्खनन से संबंधित जानकारी मांगी गई। शुरुआत में मशीन को बुधनी के मनीष राजपूत की बताया गया, लेकिन बाद में दस्तावेजों की जांच में मालिक के रूप में जितेंद्र राव का नाम सामने आया। मशीन छुड़ाने के लिए कुछ बिचौलिए रेंजर कार्यालय और डीएफओ कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि वन विभाग ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए मशीन को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जंगल में बनाए गए रास्ते को भी वन विभाग ने खंभे लगाकर बंद कर दिया है, ताकि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके। डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि वन क्षेत्र में बिना अनुमति रास्ता बनाकर मिट्टी की खुदाई की गई है। जितेंद्र राव के नाम से पीओआर प्रकरण दर्ज किया गया है और पोकलेन को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Read full article on Bhaskar