top
इटावा में ट्रक की टक्कर से बीएससी छात्र की मौत:डिवाइडर पार करते समय हुआ हादसा, 20 फीट उछलकर सड़क पर गिरा
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में कौशल्या वाटिका के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार 22 चक्का ट्रक की टक्कर से 25 वर्षीय बीएससी छात्र आशीष की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद छात्र करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। डिवाइडर पार करते समय हुआ हादसा अड्डा गुलर निवासी आशीष पुत्र राजेश सिंह बीएससी फाइनल के छात्र थे। गुरुवार शाम वह टहलने के लिए घर से निकले थे। रात में कौशल्या वाटिका के पास नेशनल हाईवे पर वह डिवाइडर पार कर सर्विस रोड की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से दूर जा गिरा छात्र ट्रक का नंबर एमपी 07 एई 6590 बताया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशीष उछलकर करीब 20 फीट दूर सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ट्रक छोड़कर चालक फरार हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा। आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पहले नहीं हो सकी पहचान हादसे के तुरंत बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आशीष हाफ लोअर और टी-शर्ट पहने हुए थे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में मोहल्ले के लोगों के माध्यम से हादसे की जानकारी परिवार तक पहुंची। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान आशीष के रूप में की। पहचान होते ही मचा कोहराम शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। वहीं फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ट्रक के पंजीकरण नंबर और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है। यातायात कुछ देर रहा प्रभावित हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर यातायात प्रभारी संजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्थान से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar