business
इटर्रा में बिजली-सड़क समस्या, ग्रामीणों ने अधिकारियों से की शिकायत:घाटमपुर तहसील और एसडीओ कार्यालय पहुंचकर मिला समाधान का आश्वासन
पतारा ब्लॉक के इटर्रा गांव में बिजली और सड़क की बदहाल व्यवस्था से ग्रामीण परेशान हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने पर ग्रामीणों ने एसडीओ कार्यालय का घेराव किया। वहीं, जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर तहसील पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पतारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत इटर्रा के ग्रामीण सोमवार को बिजली और सड़क की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने सबसे पहले बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंचकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खराब केबिल के कारण बिजली आपूर्ति बाधित थी। शिकायत के बाद बिजली विभाग के जेई ने मौके पर पहुंचकर खराब केबिल बदलवाई, जिसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। बिजली की समस्या का समाधान होने के बाद ग्रामीण जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर तहसील पहुंचे। एसडीएम के मौजूद नहीं होने पर ग्रामीणों ने तहसीलदार ओम प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि इटर्रा-बीहपुर और रामलीला मैदान-पहेवा मार्ग लंबे समय से खराब हैं। दोनों मार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है, कि गांव में नालियां नहीं होने के कारण बारिश और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे रास्ते की स्थिति और खराब हो रही है। ग्रामीणों ने दोनों मार्गों का स्थायी निर्माण कराने, पक्की नालियां बनवाने और पूर्व में कराए गए सड़क निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा अधिकारियों से शिकायत करेंगे। तहसीलदार ओम प्रकाश ने ग्रामीणों को समस्याओं को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
Read full article on Bhaskar