crime
ई-रिक्शा सवार महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:देवरिया पुलिस ने तमंचा, कारतूस और मंगलसूत्र किया बरामद
देवरिया में रुद्रपुर पुलिस ने ई-रिक्शा सवार महिला से मंगलसूत्र झपटने की वारदात का खुलासा करते हुए गुरुवार शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, टूटा हुआ मंगलसूत्र, लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल फर्जी नंबर प्लेट लगी बजाज पल्सर बाइक बरामद की है। आरोपियों की पहचान गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र निवासी अजय निषाद (23) और सूरज पासवान (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गुरुवार शाम करीब 5 बजे रुद्रपुर के सनकोटिया माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान सूरज पासवान के पास से पीली धातु का दो हिस्सों में टूटा मंगलसूत्र, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं अजय निषाद के कब्जे से पीली धातु का लॉकेट, 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक भी बरामद की, जिस पर UP58FM5832 नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। ई-रिक्शा में जा रही महिला से झपटा था मंगलसूत्र यह घटना 16 अगस्त को हुई थी। पीड़िता अपनी मां और बहन के साथ ई-रिक्शा से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर 17 अगस्त को रुद्रपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रुद्रपुर क्षेत्र में हुई झपटमारी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar