politics
हिंदू महासभा ने सपा महासचिव की तस्वीर का किया तिलक:फूल चढ़ाकर बांटी मिठाई, चचेरी बहन से शादी वाले बयान पर जताई खुशी
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के चचेरी बहन से शादी को लेकर दिए बयान के बाद मंगलवार को आगरा किले के पास स्थित श्री राम मंदिर पर हिंदू महासभा ने उनकी फोटो की आरती उतारी, चंदन का टीका लगाया और पुष्प वर्षा कर मिठाई बांटी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रामगोपाल यादव ने अपने बयान में हिंदू और मुस्लिम समाज की विवाह परंपराओं का अंतर बताया है। इसी को लेकर संगठन ने इसे हिंदू-सनातन परंपरा की समझ से जोड़ते हुए कार्यक्रम किया। कार्यक्रम हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और नितेश भारद्वाज के संयुक्त नेतृत्व में लाल किला स्थित श्रीराम मंदिर पर हुआ। पदाधिकारियों ने रामगोपाल यादव की फोटो पर चंदन का टीका लगाया और आरती उतारी। इसके बाद मिठाई बांटी गई। क्या कहा था रामगोपाल यादव ने... रामगोपाल यादव ने सोमवार, 21 सितंबर को इटावा के सैफई में मीडिया से बातचीत के दौरान समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संदर्भ में यह बात कही थी। उन्होंने अलग-अलग धर्मों की विवाह परंपराओं का उदाहरण देते हुए कहा कि मुस्लिम समाज में चचेरी बहन से शादी को अच्छा माना जाता है, जबकि हिंदू समाज में इसे स्वीकार नहीं किया जाता। उन्होंने इसी संदर्भ में सवाल उठाया था कि ऐसी अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के बीच समान नागरिक संहिता कैसे लागू की जा सकती है। महासभा ने अखिलेश से मथुरा पर रुख स्पष्ट करने को कहा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि रामगोपाल यादव ने हिंदू और सनातन धर्म की परंपराओं का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी हिंदू और सनातन धर्म की परंपराओं का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव से मथुरा आकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर चल रहे विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करने और भव्य कृष्ण मंदिर बनवाने की घोषणा करने की मांग की। अवतार सिंह गिल और मनीष पंडित ने कहा कि संतों की ओर से 6 दिसंबर को मथुरा में कारसेवा की घोषणा की गई है। उन्होंने रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव से इसमें शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में मीरा राठौर, शंकर श्रीवास्तव, मनीष पंडित, अवतार सिंह गिल, नितेश भारद्वाज, विपिन राठौर, निशा ठाकुर और बंटी देवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar