crime
हवाई फायरिंग वीडियो में पिस्टल सप्लायर जब्बार गिरफ्तार:शातिर आरोपी पर 11 आपराधिक मामले दर्ज, अवैध पिस्टल-कारतूस बरामद
सोशल मीडिया पर वायरल हुए हवाई फायरिंग के एक वीडियो के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को पकड़ा है। माढोताल पुलिस ने हनुमानताल निवासी जब्बार उर्फ मामू खान को गिरफ्तार किया है। जब्बार पर फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी रितिक जायसवाल (27) और उसके साथी प्रथम सिंह राजपूत (19) को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में रितिक ने बताया था कि उसने फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल 3-4 महीने पहले जब्बार से ली थी। घटना के बाद उसने पिस्टल जब्बार को वापस लौटा दी थी। इस खुलासे के बाद से ही पुलिस जब्बार की तलाश कर रही थी। थाना प्रभारी माढोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में एक टीम ने 16 सितंबर की रात जब्बार को पकड़ा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। कृषि उपज मंडी के पास घेराबंदी करके उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान जब्बार की बताई जगह से पाटन बाईपास सर्विस रोड के किनारे छिपाकर रखी गई एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जब्बार उर्फ मामू खान एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ शहर के कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Read full article on Bhaskar