top
हाथरस में टेंपो-बाइक की भिड़ंत, 2 की मौत:युवती गंभीर घायल, तेरहवीं कार्यक्रम से लौटते समय हादसा
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार टेंपो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सासनी थाना क्षेत्र में भूमिया बाबा मंदिर के पास हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। तेरहवीं से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के थाना लोधा क्षेत्र के गांव बादबामनी निवासी गेंदालाल (46 वर्ष) अपनी बेटी शिवानी (19 वर्ष) के साथ हाथरस के हतीसा गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर शाम जब पिता-पुत्री बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी भूमिया बाबा के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित टेंपो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग ने तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि गेंदालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी शिवानी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान टेंपो में सवार हाथरस के नाई का नगला निवासी बृजकिशोर (62 वर्ष) पुत्र ज्वाला सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद शिवानी की नाजुक हालत को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, इलाज के दौरान बृजकिशोर ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar