crime
हाईटेंशन से फ्लोर मिल संचालक की करंट से मौत:केबल देखने गए, लाइन की चपेट में आकर दूर जा गिरे, पत्नी-बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फ्लोर मिल संचालक और टेंट व्यापारी सौरभ सिंह (43) अपनी मिल की विद्युत केबल में खराबी देखने ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह दूर जा गिरे। परिजन उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुबह 11:17 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा श्याम पाल ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से बारिश के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित थी। सोमवार को सौरभ अपनी फ्लोर मिल की विद्युत केबल में खराबी की आशंका के चलते उसे देखने ट्रांसफार्मर के पास गए थे। इसी दौरान अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पिता की कोविड से हो चुकी है मौत सौरभ सिंह की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी अपर्णा सिंह और 13 वर्षीय बेटा आदित्य प्रताप सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के पिता सेना में कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए थे और कोविड संक्रमण के दौरान उनकी मौत हो गई थी। अब परिवार के मुख्य सदस्य सौरभ की भी मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। सौरभ के छोटे भाई गौरव सिंह उधरनपुर स्थित केनरा बैंक में कैशियर हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar