crime
घर के बाहर रखी अलमारी से बाइक चोरी:बेलदार गिरफ्तार, तीन दिन पहले दिया था घटना को अंजाम
पन्ना शहर के पहाड़कोठी क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल का मामला कोतवाली पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने घर के बाहर से बाइक और अलमारी में रखी चाबी चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। ग्राम सगरा निवासी छोटेलाल चौधरी ने 23 जुलाई को पन्ना कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि शाम करीब 6 बजे उन्होंने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 35 ZE 4678) घर के बाहर खड़ी की थी और चाबी बाहर रखी अलमारी में रख दी थी। रात करीब 10:30 बजे जब उनका बेटा घर लौटा, तो उसने देखा कि बाहर खड़ी मोटरसाइकिल गायब है। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी चाबी और जियो कंपनी का की-पैड फोन भी मौके से नदारद था। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने बुधवार, 26 अगस्त को पहाड़कोठी, पन्ना निवासी 25 वर्षीय बीरेन्द्र उर्फ छुट्टू बेलदार (पिता कंछेदी) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत 60,000 रुपये) विधिवत जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित मिश्रा, प्रधान आरक्षक जीतेन्द्र मिश्रा, मनीष कश्यप तथा आरक्षक अमित द्विवेदी व अभिषेक की मुख्य भूमिका रही।
Read full article on Bhaskar