crime
गोवर्धन में मिले अज्ञात शव की पहचान हुई:अलीगढ़ के दिलीप के रूप में हुई शिनाख्त, 5 दिन से था लापता
मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में गुरुवार को मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की शिनाख्त अलीगढ़ निवासी दिलीप पुत्र नारायण दास के रूप में हुई है। परिजन शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। दिलीप पिछले पांच दिनों से घर से लापता था। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की। सोशल मीडिया पर फोटो देखने के बाद अलीगढ़ निवासी परिजनों ने दिलीप की पहचान की। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि दिलीप अक्सर घर से बाहर चला जाता था और पहले भी कई बार बिना बताए घर से निकल चुका था। करीब पांच दिन पहले भी वह घर से निकला था, जिसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। गोवर्धन क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना और सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने के बाद परिजनों को दिलीप की मौत की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार, दिलीप शादीशुदा था, लेकिन शराब की लत के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद से वह अकेला रहने लगा था। परिजनों को दिलीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
Read full article on Bhaskar