top
गौतमबुद्धनगर: चोर समझकर युवक को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत: नोएडा में 5 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में!!
गौतमबुद्धनगर: चोर समझकर युवक को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत: नोएडा में 5 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में!! !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!! दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला गांव में एक युवक को चोर समझकर उसके साथ मारपीट करना पांच लोगों को भारी पड़ गया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात हरौला, सेक्टर-5 स्थित किराये के मकान में एक युवक दिखाई दिया। मकान में रहने वाले लोगों में से कोई भी उसे पहचानता नहीं था। पूछताछ करने पर युवक घबरा गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे चोर समझ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में युवक प्रमोद कुमार (लगभग 27 वर्ष), निवासी हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में परिचितों द्वारा उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सेक्टर-39 में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना फेस-1 पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 1 सितंबर को हरौला, सेक्टर-5 नोएडा से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पांच गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार मंडल (30), करण कुमार मंडल (23), सुरेश मंडल (48), रोनक कुमार मंडल (19) और निखिल उर्फ ब्रेवो (22) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी मूल रूप से बिहार के अलग-अलग जनपदों के रहने वाले हैं और वर्तमान में हरौला, सेक्टर-5 में किराये पर रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें प्रमोद के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और मकान में उसे अनजान व्यक्ति के रूप में देखकर उन्होंने चोरी के शक में उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी। बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज थाना फेस-1 पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 475/2026 दर्ज किया है। मुकदमा धारा 191(2), 190, 103(1) और 351(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर कानून हाथ में लेने के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है। सिर्फ शक के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करना न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि इससे किसी की जान भी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।।
Read full article on Do Took Media