politics
गोरखपुर में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने तिरंगा फहराया:शहीदों के परिजनों- खिलाड़ियों का किया सम्मान, 2047 तक विकसित भारत बनाने का लिए संकल्प
गोरखपुर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देखने को मिला। योगी बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। प्रभारी मंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। समारोह में प्रभारी मंत्री ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उनके त्याग और संघर्ष की वजह से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। खेल प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला स्वतंत्रता दिवस समारोह में खेल के क्षेत्र में गोरखपुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा प्रतिभाएं देश और प्रदेश की पहचान को नई ऊंचाई देने का काम कर रही हैं। प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे मजबूत बनाने की जिम्मेदारी आज हर नागरिक की है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने गरीबी, अशिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी कई चुनौतियां थीं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गरीबों तक पहुंची सरकार की योजनाएं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। गरीब परिवारों को पक्का मकान, शौचालय और बेहतर इलाज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आयुष्मान योजना के जरिए जरूरतमंद लोगों को इलाज की सुविधा मिल रही है। 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लेने की अपील की। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में देशभक्ति का उत्साह पूरे कार्यक्रम के दौरान दिखाई दिया।
Read full article on Bhaskar