crime
गणेश चतुर्थी पर अशोकनगर में ट्रैफिक डायवर्जन:विदिशा तिराहा-गांधी पार्क का रूट बदला, भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
अशोकनगर में गणेश चतुर्थी और अन्य त्योहारों को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बाजार और गांधी पार्क क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए भारी वाहन, ट्रैक्टर और लोडिंग वाहनों को कुछ रास्तों पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शनिवार को एसडीएम इसरार खान, एसडीओपी विवेक शर्मा समेत प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने गांधी पार्क और प्रमुख बाजारों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन विदिशा तिराहा से सुभाषगंज और स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी वाहन, ट्रैक्टर और लोडिंग वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इन वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा जाएगा। इंद्रा पार्क से गांधी पार्क की ओर चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर और लोडिंग वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को सुराना चौराहा और पठार होते हुए दूसरे रास्ते से निकाला जाएगा। इन जगहों पर पार्क होंगे वाहन बाजार आने वाले लोगों के वाहनों के लिए स्टेशन क्षेत्र, सुभाषगंज और मिलन तिराहा पेट्रोल पंप के पास के ग्राउंड को पार्किंग के लिए तय किया गया है। एफओबी क्षेत्र से गांधी पार्क की ओर आने वाले चार पहिया वाहनों को मिलन तिराहा होते हुए तय पार्किंग ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। दुकानों के बाहर सामान रखने पर कार्रवाई निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क तक सामान नहीं रखने और वाहन गलत तरीके से पार्क नहीं करने की समझाइश दी। गांधी पार्क के पास सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े पांच वाहनों के चालान बनाए गए। दुकानों के बाहर सामान रखने के लिए सीमा रेखा भी खींची गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सीमा के बाहर सामान या वाहन खड़े कर ट्रैफिक रोका गया तो चालान के साथ अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। गणेश प्रतिमाएं बेचने वाले दुकानदारों से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार आलोक श्रीवास्तव, कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान, देहात थाना प्रभारी पूनम सेलर, ट्रैफिक प्रभारी अजीत सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से तय पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
Read full article on Bhaskar