politics
गुना में सिंधिया का युवा संवाद:बोले- मेरी नजर चील जैसी है, कांग्रेस जानती है, विधायक से पूछा क्या खा रहे हैं...
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को तात्या टोपे यूनिवर्सिटी पहुंचकर युवा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, सिलेबस और उनके प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान एक विद्यार्थी के मोबाइल चलाने पर सिंधिया ने उसे मोबाइल बंद करने को कहा। इसी दौरान उन्होंने कहा, “मेरी नजर चील जैसी है, कांग्रेस जानती है।” तीन तरह के दाताओं की बात कही युवा संवाद में सिंधिया ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में तीन दाता होते हैं। पहला जान दाता डॉक्टर, दूसरा अन्नदाता किसान और तीसरा ज्ञानदाता शिक्षक। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों से कुछ नहीं लेता, बल्कि उन्हें देता है। शिक्षक चाहता है कि उसका विद्यार्थी उससे सौ गुना आगे बढ़े। विधायक से पूछा- क्या खा रहे हैं? कार्यक्रम के दौरान गुना विधायक पन्नालाल शाक्य अपनी जेब से कुछ निकाल रहे थे। सिंधिया ने उन्हें टोकते हुए पूछा, “पन्नालाल जी, क्या खा रहे हैं?” विधायक ने जवाब दिया कि वे कागज देख रहे हैं। इस पर सिंधिया ने कहा, “मुझे लगा सुपाड़ी खा रहे हैं।” यूनिवर्सिटी पहुंचने पर कुलगुरु और रजिस्ट्रार ने सिंधिया को कोर्स, विद्यार्थियों और अन्य नवाचारों की जानकारी दी। सिंधिया ने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के तैयार किए प्रोजेक्ट देखे। इसके बाद उन्होंने छात्रों की टेबल पर जाकर वन-टू-वन चर्चा की। विद्यार्थियों से उनके सिलेबस, पढ़ाई और नवाचारों के बारे में जानकारी ली। चार दिन के दौरे पर हैं सिंधिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिन के गुना दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने सर्किट हाउस में जनसंपर्क किया। इसके बाद बरखेड़ा गिर्द गांव में जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में शामिल हुए और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बाद में शुभ विदाई गार्डन में लाभार्थी सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. किशन यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ और नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, यूनिवर्सिटी स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar