crime
गाजीपुर विधायक के गनर हत्याकांड का आरोपी पेश नहीं:छिंदवाड़ा जेल से नहीं लाया जा सका, 25 अगस्त को अगली सुनवाई
गाजीपुर के विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू के गनर राकेश कुमार की हत्या के चर्चित मामले में मंगलवार को आरोपी संदीप कुमार की कोर्ट में पेशी नहीं हो सकी। आरोपी मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा जेल में बंद है। जेल से उसे अदालत में पेश नहीं किए जाने के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होगी। मामला 25 अक्टूबर 2022 का है। गनर राकेश कुमार वाराणसी से लखनऊ जाने के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार थे। आरोप है कि ट्रेन में सफर कर रहे संदीप कुमार ने राकेश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उनकी सरकारी कार्बाइन, मैगजीन और मोबाइल लूटकर फरार हो गया। गंभीर हालत में राकेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विधायक के गनर के रूप में तैनात थे राकेश मृतक राकेश कुमार प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के नाहरपुर गांव के रहने वाले थे। वह गाजीपुर के मोहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू के गनर के रूप में तैनात थे। हत्या के बाद सरकारी हथियार लूटे जाने के कारण मामला काफी चर्चित रहा। पेशी न होने पर कोर्ट ने जताई थी नाराजगी बचाव पक्ष के अधिवक्ता रवि शुक्ल के अनुसार, पिछली सुनवाई में एडीजे पंचम राकेश ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा एसपी को कड़ा पत्र भेजा था। कोर्ट ने आरोपी को 18 अगस्त को पेश करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने कहा था कि आरोपी की पेशी नहीं होने के कारण आरोप तय नहीं हो पा रहे हैं और मुकदमे में अनावश्यक देरी हो रही है। छिंदवाड़ा जेल में बंद है संदीप आरोपी संदीप कुमार मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चारगांव प्रह्लाद कुंडीपारा का निवासी है। वर्तमान में वह छिंदवाड़ा जेल में निरुद्ध है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश नहीं किए जाने के कारण मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब 25 अगस्त को होने वाली सुनवाई में उसकी पेशी और आरोप तय करने की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Read full article on Bhaskar