top
एयरटेल कर्मचारियों ने टीम लीडर पर अभद्रता का आरोप लगाया:सहारनपुर में SSP से शिकायत कर जांच और ट्रांसफर की मांग
सहारनपुर में एयरटेल ब्रॉडबैंड के फील्ड सर्विस कर्मचारियों ने अपने टीम लीडर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि टीम लीडर गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न करते हैं और नौकरी से निकालने की धमकी भी देते हैं। बुधवार दोपहर दो बजे कर्मचारियों ने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर मामले की जांच और टीम लीडर का ट्रांसफर करने की मांग की। कर्मचारियों के मुताबिक, उनका ऑफिस दिल्ली रोड स्थित आवास विकास क्षेत्र में सक्षम हॉस्पिटल के पास है। वे टीम लीडर हिरदेश कुमार के अंडर काम करते हैं। उनका आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे वे अपनी समस्याएं लेकर टीम लीडर के ऑफिस पहुंचे थे। ड्यूटी पर नहीं आने की धमकी दी कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याएं सुनने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की गई। उनका यह भी आरोप है कि टीम लीडर के साथी मोनू चौहान और दो अनजान लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से उन्हें फील्ड में काम करने के लिए जरूरी सामान और औजार नहीं मिल रहे हैं। इससे ग्राहकों की नाराजगी झेलनी पड़ती है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता, इमरजेंसी छुट्टी नहीं दी जाती और किसी भी समय मीटिंग या कॉल में शामिल होने के लिए कहा जाता है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उन्हें काम छोड़कर घर जाने और अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान टीम लीडर ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनी। पुलिस ने कर्मचारियों को अपनी शिकायत लिखित में थाने में देने को कहा। कर्मचारियों ने एसएसपी से टीम लीडर पर लगाए गए आरोपों की सही जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे कंपनी में कई सालों से काम कर रहे हैं और अपनी तरफ से इस्तीफा नहीं देंगे। यदि कंपनी उन्हें हटाना चाहती है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई करे। शिकायत पत्र देने वालों में सूर्य, सचिन कुमार, सत्यम, आजाद सिंह और आदित्य समेत कई अन्य कर्मचारी शामिल थे।
Read full article on Bhaskar