politics
डूंगरपुर में वोटर लिस्ट पर घमासान:कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया सत्ता के दुरुपयोग का आरोप, निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा
डूंगरपुर में कांग्रेस पार्टी ने नगर निकाय चुनाव के दौरान भाजपा पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वार्ड स्थानांतरण का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस के पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सत्ता और प्रभाव का कथित दुरुपयोग करते हुए संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से मिलीभगत की। उन्होंने कहा कि कूटरचित और भ्रामक दस्तावेज तैयार करवाकर कुछ मतदाताओं के नाम एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है। भगोरा ने यह भी आरोप लगाया कि वार्डों की लॉटरी के बाद, जिन वार्डों में भाजपा के प्रमुख नेता चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं, वे अपने आरक्षण के हिसाब वाले वार्डों में बीएलओ से मिलीभगत करके अपना नाम जुड़वा रहे हैं। कांग्रेस ने इन गतिविधियों को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्रभावित करने वाला एक गंभीर विषय बताया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कई मांगें रखी हैं। इनमें मतदाता सूची में हाल ही में किए गए वार्ड स्थानांतरणों की तत्काल जांच, संबंधित बीएलओ द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता की जांच, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुए स्थानांतरणों को तत्काल निरस्त करना और जांच में मिलीभगत या अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करना शामिल है।
Read full article on Bhaskar