education
डीएलएड प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 सितंबर से:द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 अक्टूबर से होंगी, 68 जिलों में केंद्र
परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) प्रयागराज के सचिव ने शनिवार को डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाओं का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। पीएनपी सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश के 68 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीएलएड बैच 2025 के पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 से 23 सितंबर 2026 तक होंगी। वहीं, डीएलएड 2024 के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 से 26 सितंबर 2026 के बीच होंगी। इसके अलावा, डीएलएड 2023 के दूसरे सेमेस्टर की बैक और आंशिक परीक्षाएं 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक होंगी। चौथे सेमेस्टर की बैक और आंशिक परीक्षाएं 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक कराने का प्रस्ताव है। इन परीक्षाओं में साल 2023 बैच के पहले और तीसरे सेमेस्टर के फेल हुए और बैक पेपर वाले छात्र भी शामिल होंगे। परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी पढ़ाई सामग्री, छात्रों के प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्रों से जुड़े दस्तावेज भेजने का काम तेजी से चल रहा है। हाल ही में राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान और परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के परिसर व गेट पर डीएलएड सेमेस्टर परीक्षाओं, परीक्षाफल और प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़ी कई मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा हुई थी। छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान कार्यालय से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार किया गया था। इससे पहले डीएलएड बैच 2023 के चौथे सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा 18 से 20 मई 2026 के बीच हुई थी। इसका रिजल्ट 31 जुलाई 2026 को आ चुका है। रिजल्ट आने के बाद छात्रों ने जल्द स्कूटनी कराने और दूसरे व चौथे सेमेस्टर के बैक पेपर कराने के लिए ज्ञापन सौंपा था। इसे निदेशक, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), लखनऊ को भेजा गया था। निदेशक के निर्देशों के बाद स्कूटनी का काम ज्यादा शिक्षकों को लगाकर समय पर पूरा कराया गया। इसका परिणाम भी 16 सितंबर 2026 को घोषित किया जा चुका है।
Read full article on Bhaskar