top
चारा मशीन में हाथ फंसने से किसान की मौत:फतेहपुर में पशुओं के लिए चारा काटते समय हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा अमौली गांव में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे के आस पास पशुओं के लिए चारा काटते समय 58 वर्षीय किसान मौजीलाल की मौत हो गई। उनका हाथ पावर से चलने वाली चारा मशीन में फंस गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मौजीलाल खेती-किसानी के साथ गांव में साइकिल की दुकान भी चलाते थे। गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे वह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित पशु बाड़े में चारा मशीन से पशुओं के लिए चारा काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ मशीन की चपेट में आ गया। हादसा होते देख पड़ोसी माजिद खान मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों को सूचना दी। हालांकि, गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौजीलाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मौजीलाल की मौत से उनकी पत्नी ननकी, बेटे विनय, पिंटू और ललन, तथा बेटियां निशा और सीमा गहरे सदमे में हैं। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक को मौके पर भेजा गया था। मृतक के पुत्र पिंटू उर्फ वीरप्रताप सिंह की सूचना पर गुरुवार रात करीब आठ बजे हल्का इंचार्ज आकाश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की लिखित सूचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar