crime
चमनगंज के अछूतानंद पार्क में 40 साल से कब्जा:माली के लिए बना था कमरा, तीसरी पीढ़ी ने 200 गज में बनाया अवैध निर्माण
कानपुर के चमनगंज थाने के पास अछूतानंद पार्क में कब्जे का मामला सामने आया है। दो वार्डों में आने वाले इस पार्क में करीब 40 साल पहले एक माली के रहने के लिए छोटा सा कच्चा कमरा बनाया गया था। अब उसी जगह माली के परिवार की तीसरी पीढ़ी ने करीब 200 गज जमीन पर निर्माण कर कब्जा कर रखा है। वहीं अब पार्षद लियाकत अली की शिकायत पर उद्यान विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए पार्क से कब्जा हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। आसपास के लोगों का कहना है कि पार्क पर कब्जा होने से बच्चों को खेलने में दिक्कत आती है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी इस पार्क से कब्जा नहीं हटवाया जा सका है। करीब 200 गज क्षेत्र में कब्जा अछूतानंद पार्क वार्ड-71 और वार्ड-49 के अंतर्गत आता है। करीब चार दशक पहले पार्क के रखरखाव के लिए एक माली को रखा गया था। उसने पार्क में ही छोटा कमरा बनाकर रहना शुरू कर दिया। माली की मौत के बाद उसके परिवार के लोग भी वहीं आकर रहने लगे। धीरे-धीरे एक कमरे की जगह करीब 200 गज क्षेत्र में निर्माण कर लिया गया। लोगों के विरोध के बाद रुका निर्माण कार्य दो दिन पहले पार्क में दीवार बनाने का काम शुरू किया गया तो आसपास के लोगों ने विरोध कर दिया और निर्माण कार्य रुकवा दिया। वार्ड-71 के पार्षद लियाकत अली ने बताया कि पार्क में झूले और बेंच भी लगाई गई हैं और सुंदरीकरण कराया गया था, लेकिन यहां कब्जे के कारण बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती है। वहीं पर्यावरण अभियंता, उद्यान विभाग दिवाकर भास्कर ने बताया कि अछूतानंद पार्क का मामला जानकारी में आया है। कब्जेदार को नोटिस दिया गया है। जल्द ही पार्क को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
Read full article on Bhaskar