top
चौक सराफा बाजार की सुरक्षा पर बैठक:व्यापारियों ने विधायक से पार्किंग, ई-रिक्शा और अतिक्रमण समस्याओं के समाधान मांगे
लखनऊ में चौक सराफा बाजार की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ई-रिक्शा और अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर चौक सराफा एसोसिएशन ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा के समक्ष समस्याएं रखीं। एसोसिएशन ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। बैठक में विधायक डॉ. नीरज बोरा, एसीपी चौक, प्रभारी निरीक्षक चौक, अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन सर्राफ और महामंत्री विनोद माहेश्वरी समेत व्यापारी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने बताया कि चौक सराफा बाजार संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्र है। सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी यहां हजारों व्यापारी, कारीगर और कर्मचारी काम करते हैं तथा रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। बहुमूल्य आभूषणों के कारोबार को देखते हुए बाजार में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। व्यापारियों ने करीब एक माह पूर्व बाजार में लगभग 250 लोगों के एक साथ पहुंचने की घटना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी व्यवस्था की मांग की गई। बैठक में CCTV कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराने, बाजार के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी तथा पुलिस प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग रखी गई। बड़ी संख्या में लोगों के अचानक बाजार में पहुंचने की स्थिति से निपटने के लिए विशेष SOP बनाने की मांग भी की गई। व्यापारियों ने ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड और रूट तय करने, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने तथा गोल दरवाजा और चौक क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने की मांग की। रात में चौक से लोहिया पार्क की ओर जाने वाले मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने की मांग भी की गई। ये लोग रहे मौजूद बैठक में आदिश जैन, डॉ. राजकुमार वर्मा, अतुल गुप्ता, अनिल गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नीतिश जैन, अंकित मेहरोत्रा, संजीव अग्रवाल, टीटू और मनोज अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। एसोसिएशन ने पुलिस, नगर निगम और यातायात विभाग के साथ नियमित समन्वय बैठक कराने की मांग की।
Read full article on Bhaskar