politics
ब्यावर नगर परिषद के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी:भाजपा के पूर्व दावेदारों को भी मिला टिकट, RLP ने भी उतारे 12 उम्मीदवार
ब्यावर नगर परिषद के लिए आखिरकार कांग्रेस ने अपनी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष किशोरसिंह चौधरी के हस्ताक्षर से जारी हुई इस सूची के साथ ही कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। सूची जारी होने के बाद अब नगर परिषद के 60 वार्डों में चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। कांग्रेस की ओर से जारी सूची में कई ऐसे चेहरों को भी टिकट दिया गया है, जिन्होंने पूर्व में भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद इन दावेदारों ने कांग्रेस का दामन थामा और पार्टी ने उन्हें अपने प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया है। इस स्थिति से कई वार्डों में मुकाबला दिलचस्प होने के साथ-साथ दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। नगर परिषद चुनाव में इस बार टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में लंबे समय तक मंथन चलता रहा। कई वार्डों में टिकट के लिए एक से अधिक दावेदार सामने आने के कारण पार्टी नेतृत्व को प्रत्याशियों के चयन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद अब टिकट से वंचित दावेदारों की अगली रणनीति पर भी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। वहीं, ब्यावर नगर परिषद के लिए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी 12 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।
Read full article on Bhaskar