crime
बांदा में खाद्य विभाग का छापा:दो बच्चों की पेट दर्द से मौत हुई थी, संदिग्ध मोमोज-फिंगर फ्राई नष्ट कराए; नमूने लिए गए
बांदा में बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में दो छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार शाम शहर में जांच अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदलाल गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने मोमोज, फिंगर फ्राई और चटनी बेचने वाले ठेलों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध रंगीन फिंगर और मोमोज को मौके पर नष्ट कराया गया। एक ठेले से फिंगर चिप्स और चटनी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। महाराणा प्रताप चौराहे से झील का पुरवा तक जांच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महाराणा प्रताप चौराहा, पुलिस लाइन रोड और झील का पुरवा समेत शहर के कई स्थानों पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले ठेलों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे रंग, उनकी गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। अधिकारियों ने विक्रेताओं को खाद्य पदार्थ ढककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य रंग का ही इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई। तीन स्कूलों में मिड-डे मील की भी जांच इससे पहले आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी बांदा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल ने जिले के तीन विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की जांच की। टीम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बारादरी, राजकीय कन्या सीनियर बेसिक विद्यालय बांदा और प्राथमिक विद्यालय डीएम कॉलोनी रोड, सिविल लाइन का निरीक्षण किया। बच्चों को परोसा गया भोजन गुणवत्ता में ठीक उच्च प्राथमिक विद्यालय बारादरी के रसोईघर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। तीनों विद्यालयों में बच्चों को परोसे गए चावल और सब्जी की गुणवत्ता भी जांच में ठीक पाई गई। निरीक्षण के दौरान करीब 120 विद्यार्थियों को सुरक्षित खान-पान और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के नुकसान बताए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को खाद्य पदार्थों पर निर्माण और अवसान तिथि जांचने की जानकारी दी। उन्हें अधिक रंग वाली मिठाइयों, एल्युमिनियम वर्क लगी मिठाइयों, बासी भोजन, कटे हुए फलों और अत्यधिक रंगीन सब्जियों की पहचान और उनके संभावित दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया। आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य विक्रेताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Read full article on Bhaskar