crime
बिलासपुर के ढाबों में शराबखोरी, खुलेआम पिला रहे थे शराब:तीन ढाबों में जाम छलकाते मिले युवक, दो से अवैध शराब जब्त; संचालक पर एक्शन
बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत होटल और ढाबों की भी जांच की जा रही है। इसी दौरान शहर से लगे सकरी क्षेत्र के मम्मी द ढाबा और हॉलिडे इन ढाबा में अवैध शराब मिली। पुलिस ने दोनों ढाबा संचालकों को पकड़ा। इसके अलावा तीन अलग-अलग जगहों पर लोगों को शराब पिलाने की सुविधा देने के मामले भी सामने आए। पुलिस ने इन मामलों में भी कार्रवाई की है। सभी मामलों में आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने से मारपीट, लूट और सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस की सख्ती से ऐसे विवाद और अपराध रोकने के साथ ही संभावित सड़क हादसों को भी कम किया जा सकता है। ढाबे में अंग्रेजी शराब बेचते युवक पकड़ा गया पेंडारी के मम्मी द ढाबा में पुलिस ने नवीन श्रीवास (31), निवासी बन्नाक चौक सिरगिट्टी को पकड़ा। उसके पास से मैकडॉवल नंबर वन की 5 बोतल, सिग्नेचर की 3 बोतल और रॉयल चैलेंज की 1 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर ली। वहीं, भरनी के हॉलिडे इन ढाबा में पुलिस ने श्याम कुमार जायसवाल (45) को 32 पाव देशी शराब के साथ पकड़ा। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। तीन जगह शराब पिलाने की सुविधा देने पर कार्रवाई पुलिस ने भरनी के बावर्ची ग्रीन रेस्टोरेंट से अजय यादव और देशी ठाठ ढाबा के पास से संतोष सिंह को शराब पिलाने की सुविधा देने के आरोप में पकड़ा। इसके अलावा सकरी तालाब पार के पास से अशोक कुमार गोड़ को पकड़ा गया। आरोप है कि वह शराब पीने वालों के लिए बैठने और चखना की व्यवस्था कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, तीनों के पास शराब पिलाने के लिए कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था। मौके से शराब की बोतलें, गिलास, मिक्चर और पानी के पाउच समेत अन्य सामान जब्त किया गया। तीनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(ग) के तहत कार्रवाई की गई है।
Read full article on Bhaskar