crime
बांका में हथियारों के साथ 2 अपराधी अरेस्ट:पिस्टल-मस्कट-कट्टा समेत 6 कारतूस जब्त, बंद मकान में छापेमारी
बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डुमरामा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट, एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई रविवार शाम अमरपुर थाना परिसर में एसडीपीओ अमर विश्वास और थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि डुमरामा गांव में दो लोग अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। बंद पड़े मकान की घेराबंदी कर दबोचा पुलिस टीम ने डुमरामा गांव में वसीर, पिता मो. सईद अंसारी के बंद पड़े मकान की घेराबंदी की। इसके बाद वहां छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। पिस्टल, दो मस्कट और कट्टा बरामद पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में मैगजीन सहित एक देसी पिस्टल, दो देसी मस्कट और एक देसी कट्टा शामिल है। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इनमें 7.65 एमएम के दो और 8 एमएम के चार कारतूस शामिल हैं। दोनों आरोपी डुमरामा गांव के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य उर्फ शुभम कुमार झा (31) और मो. तेहारत (20) के रूप में हुई है। शुभम कुमार अर्जुन भट्टाचार्य का पुत्र और डुमरामा वार्ड नंबर-2 का निवासी है। वहीं मो. तेहारत, मो. सलीम का पुत्र और डुमरामा वार्ड नंबर-1 का रहने वाला है। शुभम पर कई थानों में केस पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शुभम कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अमरपुर के अलावा ईशाकचक, संग्रामपुर, कोतवाली, तिलकामांझी और इस्माइलपुर थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। आर्म्स एक्ट समेत धाराओं में केस दर्ज मामले में अमरपुर थाना में कांड संख्या 594/26 दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सितंबर में दो और हथियार बरामद अमरपुर पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में इससे पहले भी कार्रवाई की गई है। 13 सितंबर को बादशाहगंज चौक से एक संदिग्ध को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। वहीं 18 सितंबर को लोगाय गांव में छापेमारी कर रिंकू कंवर को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया था। हथियारों के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar