top
बीजेपी पूर्व-जिलाध्यक्ष के मस्जिद गिराने के बयान पर विवाद बढ़ा:सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता बोले- औकात दिखा देंगे
संभल में हरिहर मंदिर पर बनी मस्जिद को गिराने और उस पर पुष्पवर्षा करने के बीजेपी नेता राजेश सिंघल के बयान पर विवाद बढ़ गया है। सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राजेश सिंघल को 'औकात दिखाने' की धमकी दी है। जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार शाम 4 बजे संभल के थाना नखासा क्षेत्र के मौहल्ला दीपा सराय स्थित बर्क मंजिल आवास पर ममलूकुर्रहमान बर्क ने कहा कि उन्होंने राजेश सिंघल का वायरल वीडियो देखा है, उसमें जामा मस्जिद संभल पर चढ़ाई करने की बात कर रहे हैं। बर्क ने इसे कानून तोड़ने और शांति भंग करने की कोशिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश सिंघल बेवजह नेता बनना चाहते हैं और उनका इरादा लोगों को भड़काना और गुमराह करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी कोई कोशिश की गई, तो वे हर तरीके से उसका बचाव करेंगे और राजेश सिंघल को उनकी 'औकात' दिखा देंगे। गाजियाबाद की लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि राजेश सिंघल पार्टी के बड़े नेता हैं। विधायक गुर्जर ने धमकी देते हुए कहा कि अगर राजेश सिंघल की तरफ किसी ने उंगली उठाई या उन्हें नुकसान पहुंचाया, तो संभल का नक्शा बदल जाएगा। उन्होंने खुद को गुर्जर सम्राट मिहिर भोज और पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हुए कहा कि उनके अंदर वही खून बह रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही कानून का राज और योगी सरकार है, लेकिन अगर किसी ने गलती से भी उन्हें छुआ, तो संभल में सनातनियों का नक्शा मिट जाएगा। उन्होंने 1978 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वे सबका बदला बराबर कर देंगे। दरअसल, बुधवार रात करीब 12:30 बजे बीजेपी के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल ने एक संबोधन में कहा था कि जब संभल की धरती पर हरिहर मंदिर पर चढ़ाई करने जाएंगे, तो गोली नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जब उस मस्जिद को गिराने के लिए जाएंगे, तो योगी सरकार उन पर पुष्पवर्षा करेगी। सिंघल ने यह भी कहा था कि “अब संभल की धरती पर मस्जिद नहीं, मंदिर बनेंगे।”
Read full article on Bhaskar