business
भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सांसद विष्णु दयाल राम ने उठाए सवाल, CBI जांच की मांग
गढ़वा। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने JPSC एवं JSSC-CGL समेत वर्ष 2019 से अब तक की विवादित भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र CBI जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से सुने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करे।सांसद ने 14वीं JPSC PT, JPSC 11वीं-13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा और JSSC-CGL को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा उठाए जा रहे सवालों की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि अनियमितता मिलने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, जबकि निष्पक्ष तरीके से चयनित अभ्यर्थियों के भविष्य की भी रक्षा की जाए।उन्होंने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट को अत्यंत निंदनीय बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सांसद ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उनके साथ हिंसा या दमन उचित नहीं है।सांसद ने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है तो सरकार को स्वतंत्र CBI जांच कराने में आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता बहाल करने और योग्य एवं निर्दोष अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। खबर देखने के लिए channel को सब्सक्राइब करें, बेल आइकॉन को दबाएं, लाइक करें औऱ लिंक को शेयर करें। Blog Site Manager By Global Info Edge
Read full article on गढ़वा समाचार [garhwa Samachar] गढ़वा जिला का स्थानीय