top
भाजपा प्रदेश मंत्री से 2 लाख की रंगदारी मांगी:जमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट और पथराव; बंदूक दिखाकर धमकाने का आरोप
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के वाजिदपुर में जमीन पर कब्जे और निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब रंगदारी, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है। भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री किरन लोधी की तहरीर पर पुलिस ने अविचल कुमार उर्फ मुकुल और उसकी मां विमल कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। किरन लोधी का आरोप है कि उनके पति की सम्मिलित जमीन पर आरोपी जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान लेबरों के साथ मारपीट की गई और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। बंटवारे के बाद भी जमीन पर कब्जे का आरोप किरन लोधी ने पुलिस को बताया कि वाजिदपुर स्थित परिवार की जमीन का आपसी बंटवारा सर्वसम्मति से हो चुका है। सभी लोग अपने-अपने हिस्से में रह रहे हैं। आरोप है कि इसके बावजूद अविचल कुमार उर्फ मुकुल उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता है और निर्माण कार्य में लगातार बाधा डालता है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को वह अपनी जमीन पर सीढ़ी की छत का निर्माण करा रही थीं। इसी दौरान अविचल कुमार उर्फ मुकुल ने वहां काम कर रहे लेबरों के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने ईंट-पत्थरों से हमला भी किया। दो लाख नहीं दिए तो जान से मारने की धमकी किरन लोधी का आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनसे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी दी कि रकम नहीं देने पर जान से मार देगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के पास लाइसेंसी बंदूक है, जिसे दिखाकर वह डराता-धमकाता है। किरन लोधी के मुताबिक, 20 नवंबर 2025 को भी आरोपी पर मारपीट का आरोप लगा था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसके बावजूद आरोपी की ओर से लगातार परेशान किए जाने का आरोप है। बच्चों की सुरक्षा की भी मांग भाजपा प्रदेश मंत्री ने पुलिस से अपने और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर FIR, जांच जारी जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar