crime
बैंगन की बोरियों के नीचे खैर लकड़ी की तस्करी:रघुनाथनगर में वन विभाग ने पिकअप से लाखों की लकड़ी जब्त की, तस्कर फरार
बलरामपुर। रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने खैर लकड़ी की तस्करी का खुलासा करते हुए एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त की है। तस्कर बैंगन की बोरियों की आड़ में खैर की लकड़ी छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद लकड़ी की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक UP64H 3452 से अवैध रूप से खैर की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद वन अमले ने संभावित रास्ते पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। बोरियां हटाईं तो नीचे मिली खैर की लकड़ी जांच के दौरान वनकर्मियों ने संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। वाहन में ऊपर से बैंगन की बोरियां लदी हुई थीं। संदेह होने पर वनकर्मियों ने बोरियों को हटाकर तलाशी ली तो उनके नीचे बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी छिपाकर रखी मिली। वन विभाग ने तत्काल पिकअप और लकड़ी को जब्त कर लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक समेत तस्करी में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि खैर की लकड़ी जंगल के किस इलाके से काटी गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। वन विभाग अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
Read full article on Bhaskar