top
अयोध्या में पीड़ितों से अखिलेश ने फोन पर बात की:11 परिवारों को लखनऊ बुलाया, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के लिए मकान-दुकान तोड़े
अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए मकान-दुकान तोड़े जाने का विरोध बढ़ गया है। मंगलवार को सपा के पूर्व विधायक पवन पांडेय पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पीड़ितों की फोन पर बात कराई। पीड़ितों ने बिना पर्याप्त समय दिए घर खाली कराने और मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। पीड़ित मुरारी सिंह यादव ने अखिलेश यादव को बताया कि उनका मकान परिक्रमा मार्ग की जद में नहीं आ रहा था, इसके बावजूद उसे तोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। अखिलेश यादव ने 11 पीड़ित परिवारों को बुधवार दोपहर 12 बजे लखनऊ बुलाया। उन्होंने पार्टी कार्यालय में उनकी बात सुनने और मामला सामने रखने की बात कही। पीड़ित महिला बोली- सामान तक नहीं निकालने दिया एक पीड़ित महिला ने अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत में बताया कि नवंबर में उसके बेटे की शादी है। आरोप लगाया कि मकान गिराने से पहले प्रशासन ने सामान बाहर निकालने का समय नहीं दिया। महिला ने कहा कि कार्रवाई के दौरान घर का सामान भी चला गया। अब उन्हें अपना सामान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे सड़क पर भटक रहे हैं और अखिलेश यादव से घर वापस दिलाने की गुहार लगाई। अखिलेश यादव ने महिला को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने मामला रखकर उचित भरपाई की मांग की जाएगी। मेरा मकान परिक्रमा मार्ग की जद में नहीं, फिर भी तोड़ा पीड़ित महिला कीर्ति गुप्ता ने भी आरोप लगाया कि उनका मकान परिक्रमा मार्ग की जद में नहीं था। इसके बावजूद उसे तोड़ दिया गया। एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि घर खाली करने के लिए दो घंटे का समय मांगा गया था, लेकिन पर्याप्त समय नहीं दिया गया। महिला के मुताबिक, उन्हें जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया। कांग्रेस ने भी पीड़ित परिवारों से की मुलाकात मामले में कांग्रेस ने भी प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया है। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रभावित लोगों को पहले उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया जाना चाहिए था। इसके बाद ही मकान-दुकान हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए थी। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान प्रभावित परिवारों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। जिन लोगों के मकान-दुकान प्रभावित हुए हैं, उन्हें नियमानुसार मुआवजा और पुनर्वास मिलना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता, चंचल सोनकर और धीरेंद्र सिंह ‘बबलू’ समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ितों को उनकी मांगों और उचित मुआवजे के लिए सहयोग का भरोसा दिया।
Read full article on Bhaskar